हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के परिणाम आने शुरू हो गए हैं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सिराज सीट से जीतकर जहां भाजपा की जीत का खाता खोला है। हालांकि इसके बावजूद हिमाचल प्रदेश के चुनावी नतीजों में भाजपा की हालत पतली नजर आ रही है। 37 सीटों पर बड़ी बढ़त के साथ बहुमत के आंकड़े तक पहुंचते हुए कांग्रेस ने बीजेपी को काफी पीछे छोड़ दिया है। लेकिन, इसके बावजूद कांग्रेस हाईकमान भाजपा की प्लानिंग से डरी हुई है।
यही वजह है कि सीएम भूपेश बघेल और पूर्व सीएम को प्लान बी के तहत काम करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कांग्रेस को डर है कि बीजेपी हारने के बाद विधायकों की खरीद फरोख्त कर सकती है। इसलिए कांग्रेस सभी विजयी विधायकों हिमाचल प्रदेश से राजस्थान शिफ्ट करने की तैयारी में जुट गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी प्रियंका गांधी के साथ राजस्थान के सवाई माधोपुर पहुंच चुकी हैं। प्रियंका गांधी रणथंभौर के होटल शेरबाघ में ठहरने वाली हैं। वहीं पर सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी हिमाचल कांग्रेस के नए विधायकों से मुलाकात करेंगी। दरअसल, कांग्रेस को डर सता रहा है कि भाजपा उनके विधायकों की खरीद फरोख्त कर सकती है। इसी से बचने के लिए कांग्रेस ने विजयी विधायकों को राजस्थान शिफ्ट करने का निर्णय लिया है।
जयराम के घर भी चल रही बैठक
वहीं, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के घर भी बैठक का दौर जारी है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व हिमाचल के क्षेत्रीय प्रभारी सौदान सिंह मुख्यमंत्री के आवास पर मौजूद हैं। उनके साथ हिमाचल प्रदेश के सहप्रभारी संजय टंडन भी हैं। बता दें कि जयराम ठाकुर ने छठी बार सिराज सीट से 20 हजार से अधिक वोटों के अंतर से जीत हासिल की है।
कई सीटों पर 500 वोटों से भी कम की बढ़त
हिमाचल प्रदेश में अभी तक के रुझानों के अनुसार, कांग्रेस सरकार बनाने की स्थिति में दिख रही है। लेकिन, कब चुनाव पलट जाए कुछ कहा नहीं जा सकता है। क्योंकि कई सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों की बढ़त 500 वोटों से भी कम है। इसीलिए कांग्रेस-बीजेपी फूंक-फूंककर कदम रख रही हैं।