हरियाणा के मेवात में दो गुटों में पथराव का मामला सामने आया है। वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया है कि हवाई फायरिंग भी की गई है। दरअसल इलाके से भगवा यात्रा निकाली जा रही थी और इसी दौरान दो गुटों में विवाद शुरू हो गया। बाद में यह पत्थरबाजी में तब्दील हो गया।
बताया जा रहा है कि हालात को काबू में कर लिया गया। वहीं मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस प्रशासन भी मौजूद है। दोनों गुटों की ओर से सैकड़ों लोग इकट्ठा हो गए। पुलिस ने बीच-बचाव किया और पुलिस की कई गाड़ियां भी मौके पर मौजूद है। बताया जाता है कि घटना के बाद वहां पर बड़ी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता इकट्ठा हो गए।
भगवा यात्रा मेवात के नल्हड महादेव मंदिर से आते हुए नूंह झंडा पार्क पर पहुंची ही थी कि विवाद शुरू हो गया। इस बीच दोनों गुटों में पत्थरबाजी शुरू हो गई। इस दौरान फायरिंग और यात्रियों की गाड़ी जलाने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि अभी तक प्रशासन की ओर से इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं सामने आई है।