गुजरात के मोरबी में एक दीवार गिरने से 12 मजदूरों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दीवार के नीचे करीब 30 लोग दबे हुए हैं। मोरबी जिले के हलवद में सागर साल्ट नाम की कंपनी में यह हादसा हुआ है। इस कंपनी में नमक तैयार करने का काम होता है। बताया जा रहा है कि दीवार काफी जर्जर हो चुकी थी और जर्जर होने की वजह से वह धाराशायी हो गई। कंपनी में मजदूर नमक की बोरियों को लगा रहे थे इसी दौरान यह हादसा हुआ। प्रशासन ने इन बोरियों के नीचे करीब 30 मजदूरों के दबे होने की आशंका जताई है। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
मलबे के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालने के लिए जेसीबी और कटर का इस्तेमाल किया जा रहा है। घटनास्थल पर जिले के प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती किया गया है।
हादसे पर पीएम मोदी ने दुख जताया
इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। पीएम ने अपने ट्वीट में कहा कि मोरबी में दीवार गिरने की घटना काफी दुख पहुंचाने वाली है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। पीएम ने हादसे में घायलों के शीघ्र ठीक होने की कामना की है। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की हर संभव मदद कर रहा है।