Breaking News

कर्नाटक चुनाव से पहले BJP को बड़ा झटका, कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व CM जगदीश शेट्टार

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार सोमवार (17 अप्रैल, 2023) को कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। उन्होंने रविवार (16 अप्रैल, 2023) को भाजपा से इस्तीफा दिया था और आज वह बेंगलुरु में कांग्रेस दफ्तर पहुंचे। कांग्रेस में शामिल होने के बाद शेट्टार ने कहा कि डीके शिवकुमार, सिद्धारमैया, रणदीप सुरजेवाला और एमबी पाटिल ने उनसे संपर्क किया था। उन्होंने कहा कि जब इन नेताओं ने मुझे आमंत्रित किया तो मैं अपने दिमाग में कोई दूसरा विचार नहीं लाया। उन्होंने कहा कि वह पूरे दिल से कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं।

एक दिन पहले ही दिया था भाजपा से इस्तीफा

शेट्टार ने 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से टिकट नहीं मिलने पर रविवार को पार्टी और विधानसभा से इस्तीफा दे दिया था। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे, महासचिव के. सी. वेणुगोपाल एवं रणदीप सिंह सुरजेवाला (कर्नाटक प्रभारी), कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष डी. के. शिवकुमार और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया सहित अन्य लोगों की उपस्थिति में वह पार्टी में शामिल हुए।पीटआई के मुताबिक, सूत्रों ने बताया कि शेट्टार रविवार को हुबली से एक स्पेशल फ्लाईट में बेंगलुरु गए थे। यहां उन्होंने रणदीप सिंह सुरजेवाला, कांग्रेस की राज्य इकाई के प्रमुख डी.के. शिवकुमार, पूर्व मंत्री एम.बी. पाटिल और वरिष्ठ कांग्रेस नेता शमनूर शिवशंकरप्पा के साथ मुलाकात की।

शनिवार रात मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और दो केंद्रीय मंत्रियों प्रह्लाद जोशी और धर्मेंद्र प्रधान के साथ बातचीत विफल होने के बाद शेट्टार ने रविवार को विधानसभा से इस्तीफा दे दिया था। शेट्टार हुबली-धारवाड़ सेंट्रल से छह बार विधायक रहे हैं। भाजपा के शीर्ष नेताओं ने उन्हें दूसरों के लिए रास्ता बनाने के लिए विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का आग्रह किया था, लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा था कि वह आखिरी बार चुनाव लड़ना चाहते हैं।

कांग्रेस में शामिल होते ही भाजपा पर लगाए आरोप

शेट्टार ने भाजपा पर आरोप लगाया कि उन्हें पार्टी ने टिकट नहीं देकर अपमानित किया है और सत्ताधारी दल में उनके खिलाफ एक सुनियोजित साजिश रची गई। कांग्रेस में शामिल होने के बाद शेट्टार ने आरोप लगाया कि भाजपा आज सीमित लोगों के नियंत्रण में है। उन्होंने पत्रकारों से कहा, “मुझे उस पार्टी से जबरन बाहर धकेला गया जिसे मैंने खड़ा किया था… मैं आज कांग्रेस की विचारधारा और सिद्धांतों को अपनाते हुए उसमें शामिल हो रहा हूं।” शेट्टार एक अनुभवी नेता हैं। उनका परिवार जनसंघ के दिनों से पार्टी से जुड़ा रहा है। वह कित्तूर कर्नाटक क्षेत्र के एक प्रभावशाली नेता माने जाते हैं। भाजपा में रहते हुए उन्होंने मंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और मुख्यमंत्री के रूप में सेवाएं दीं।

About Dainik Bharat Live

Check Also

मां शारदादेवी का 171 वां जयंती धूमधाम से संपन्न

रिपोर्ट- मिथिलेश पांडे धनबाद। रामकृष्ण विवेकानंद सोसाइटी बैंक मोड़ धनबाद में श्री श्री भगवती माँ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *