दिल्ली-मुंबई इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान में 24 साल की महिला डॉक्टर के साथ कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने के आरोप में 47 वर्षीय प्रोफेसर को गिरफ्तार किया गया है। मुंबई पुलिस ने गुरुवार को कहा कि गिरफ्तार किए गए पैसेंजर प्रोफेसर रोहित श्रीवास्तव को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया और बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया।
फ्लाइट के मुंबई में उतरने से ठीक पहले का मामला, गलत तरीके से छूने का आरोप
सहार पुलिस के अनुसार, पटना के रहने वाले प्रोफेसर रोहित श्रीवास्तव और दिल्ली की डॉक्टर बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे दिल्ली से उड़ान भरने वाली फ्लाइट में एक-दूसरे के बगल में बैठे थे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ”शिकायत करने वाली डॉक्टर ने आरोप लगाया कि यात्रा के दौरान श्रीवास्तव ने जानबूझकर अनुचित तरीके से उसे छुआ।” उन्होंने बताया कि कथित घटना फ्लाइट के मुंबई में उतरने से ठीक पहले हुई थी।
दोनों यात्रियों को सहार पुलिस स्टेशन ले गए थे एयरलाइंस के अधिकारी
पुलिस अधिकारी ने कहा कि इसके बाद उन दोनों सह-यात्रियों के बीच बहस हो गई और चालक दल (Crew) को हस्तक्षेप करना पड़ा। अधिकारी ने बताया कि फ्लाइट के उतरने के बाद एयरलाइंस के अधिकारी दोनों यात्रियों को सहार पुलिस स्टेशन ले गए जहां एफआईआर दर्ज की गई और पीड़िता डॉक्टर का बयान दर्ज किया गया। प्रोफेसर श्रीवास्तव पर भारतीय दंड संहिता की धारा 354 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से उस पर हमला या आपराधिक बल प्रयोग) और 354ए (यौन उत्पीड़न) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इंडिगो एयरलाइंस ने इस मुद्दे पर अब तक कोई जवाब नहीं दिया है
पुलिस अधिकारी ने कहा, “प्राथमिकी दर्ज होने के बाद प्रोफेसर रोहित श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया, जिसने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।” उन्होंने बताया कि प्रोफेसर को बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया। इंडिगो एयरलाइंस ने इस मुद्दे पर जवाब मांगने वाले संदेशों का अब तक कोई जवाब नहीं दिया है।