मुंबई से दिल्ली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट में एक यात्री ने सभी के सामने शर्मनाक हरकत की। यात्री ने फ्लाइट में शौच कर दी। यात्री इतने पर ही नहीं रुका। उसने सभी के सामने पेशाब किया और थूका। सभी यात्रिओं और क्रू मेंबर्स के सामने व्यक्ति ने यह दुर्व्यवहार किया। जैसे ही फ्लाइट दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरी तो पुलिस ने यात्री को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी यात्री अफ्रीका में कुक का काम करता है। एयरलाइन की तरफ से रिपोर्ट मिलने के बाद DGCA की तरफ से उचित कार्रवाई की जा रही है। साथ ही नागर विमानन महानिदेशालय अपनी आंतरिक प्रक्रिया के तहत मामले की आगे जांच करेगा।
क्या है मामला?
मामला 24 जून का है। मुंबई से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AIC 866 में सीट नंबर 17F पर एक यात्री यात्रा भर रहा था। इस यात्री ने विमान की 9 DEF सीट के पास पहले शौच किया। यात्री ने पहले अन्य यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार किया। बाद में क्रू मेंबर्स के साथ भी बुरा व्यवहार किया। फ्लाइट के केबिन सुपरवाइजर द्वारा एक मौखिक चेतावनी भी जारी की गई थी। बाद में फ्लाइट कैप्टन को इस दुर्व्यवहार की जानकारी दी गई।
एफआईआर के अनुसार, कंपनी को तुरंत एक मैसेज भेजा गया और एयरपोर्ट सिक्योरिटी से यात्री के उतरने पर एस्कॉर्ट करने का अनुरोध किया गया। इसके बाद पेशाब किया और थूक दिया। पुलिस स्टेशन में फ्लाइट कैप्टन द्वारा 24 जून को एक एफआईआर दर्ज कराई गई थी। फ्लाइट कैप्टन की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने धारा 294/510 के तहत मामला दर्ज किया है।
बता दें कि इससे पहले पिछले साल 26 नवंबर को भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था। नशे में धुत एक व्यक्ति ने एयर इंडिया की न्यूयॉर्क-दिल्ली उड़ान के बिजनेस क्लास में अपनी महिला सह-यात्री पर कथित तौर पर पेशाब कर दिया था। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए यात्री को गिरफ्तार किया था। इतना ही नहीं एयर इंडिया ने इस मामले में सख्त कदम उठाते हुए यात्री पर 30 दिन का यात्रा प्रतिबंध लगा दिया था। इसी तरह का एक मामला 6 दिसंबर, 2022 को एयर इंडिया पेरिस-नई दिल्ली की उड़ान में दर्ज की गई थी, जब एक यात्री ने खाली सीट पर और एक साथी महिला सहयात्री के कंबल पर कथित तौर पर तब पेशाब कर दिया था। जिस समय यह घटना हुई तब महिला शौचालय गई थी